नगर सरकार की सुर्खियों से सर्द दिनों में भी बिखर रही है गर्माहट: भाजपा और कांग्रेस में अध्यक्ष पद के दावेदारो की बाढ़:वार्डों में भी चल रही है दावेदारों की आंधी

आगर-मालवा। नगर सरकार के सिंहासन पर काबिज होने के लिए लगभग सभी वर्ग के उम्मीदवार दावेदारी कर रहे है। आगर नगर पालिका की सीट अनारक्षित है। इस लिहाज से सामान्य, पिछडा व एसटी-एससी वर्ग के उम्मीदवार भी अपनी फाईलें लेकर दौड-धूप में जुट गये है। पार्टी किस वर्ग को टिकिट देगी यह फिलहाल तय नहीं है। मगर अनारक्षित वर्ग में सामान्य को टिकिट दिये जाने की पैरवी जरूर चौराहों पर बुनी जाने लगी है। आगर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सीट अनारक्षित की गई है। अनारक्षित सीट घोषित होते ही दावेदारों ने न सिर्फ टिकिट की जोड-तोड शुरू कर दी है बल्कि आम नागरिकोंं की समस्याओं का निराकरण करने के वादे के साथ मेल-जोल भी शुरू कर दिया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों से टिकिट पाने वालों की फेहरिस्त काफी लंबी है। कुछ लोगों को टिकिट मिलने की उम्मीद है तो कुछ लोग टिकिट न मिलने की दशा में निर्दलीय लडने तक का मन बना चुके है। भाजपा की तरफ से सुधीर भाई जैन टिकिट की मांग कर रहे है वे सामाजिक कार्यो में बढ-चढकर हिस्सेदारी करते आ रहे है और पिछले लंबे समय से नगर पालिका अध्यक्ष के लिए तैयारी कर रहे है। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मयंक राजपूत भी नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार है। पहले पार्षदों द्वारा अध्यक्ष का चुनाव करने के आरक्षण के दौरान भी मयंक खासे सक्रिय थे। वे सांसद व विधायक मनोहर ऊंटवाल के काफी नजदीकी रहे है वहीं प्रदेश के कई बडे नेताओं से उनके मधुर संबंध है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अजय जैन मारूबडलिया भी दौड में शामिल है। उनका कहना है कि पार्टी जो आदेश करेगी वह उन्हें शिरोधार्य होगा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्व. नरेन्द्र परमार के पुत्र नितिन परमार भी टिकिट के लिए प्रयासरत है। आगर में विकास पुरूष के रूप में पहचान रखने वाले स्व. दादा की पत्नी हीरामणि देवी परमार को भी पार्टी मैदान में उतार सकती है। तीन बार के पार्षद व वर्तमान में नगर पालिका उपाध्यक्ष सुनीता गवली के पति जगदीश गवली भी दौड में शामिल है। पूर्व पार्षद व वरिष्ठ भाजपा नेता सहदेव माली, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष दिनेश परमार, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष विनोद जैन श्रीपाल,भरत यादव, आशीष शर्मा, सुरेश बैरागी ,हरीश गवली सहित अन्य कई लोग भाजपा की ओर से टिकिट के दावेदार है। कांग्रेस की ओर से तीन बार के पार्षद देवेन्द्र वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मंजू जैन पटेल के पुत्र निलेश जैन पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल के पुत्र पिंटू जायसवाल, एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव अंकुश भटनागर, युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव नितिन गर्ग, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव विजयलक्ष्मी गर्ग, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण अटल, हनुमानदास गुप्ता, युवा नेता हुसैन बोहरा, राजेश मेठी, पार्षद जितेन्द्र भंडारी सहित एक दर्जन से ज्यादा कांग्रेस नेता भी टिकिट की दौड में शामिल है। नगर सरकार का सिंहासन अनारक्षित होने की वजह से दावेदारों की संख्या बाढ का एहसास करवा रही है। दो दिन की हल्की बूंद-बांदी व हाड कंपकपा देने वाली शीतलहर के बावजूद इन दिनों आगर के चौराहे नगर सरकार की सुगबुगाहट से रोशन हो रहे है। हर कहीं वार्ड से लेकर नपाध्यक्ष के दावेदारों की सुर्खियां इन दिनों गर्माहट बिखर रही है।

Popular posts from this blog

आगर से भाजपा प्रत्याशी मधु गेहलोत 13002 मतों से व सुसनेर से कांग्रेस प्रत्याशी भैरूसिंह बापू 12645 मतों से जीते

ग्राम झालरा में गिरी आकाशीय बिजली:एक की मौत:एक घायल:नाना बाजार में मंदिर के शिखर का कलश गिरा

विवेकानंद नगर में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी का प्रयास:हलचल की आहट से भाग खड़े हुवे युवक:CCTV में कैद हुवा घटनाक्रम