आजादी के अमृत महोत्सव के रंग में रंगा आगर:हर घर तिरंगा अभियान में गांव से लेकर शहर तक लहराया राष्ट्रीय ध्वज:जिला मुख्यालय पर प्रथम दिन निकाली भव्य तिरंगा रैली



आगर मालवा 13 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत पूरा आगर-मालवा जिला आजादी के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है, गांव से लेकर शहर तक हर घर तिरंगा अभियान में तिरंगा लहराकर बच्चे, युवा, नौजवान बुजुर्ग एवं महिलाएं  सभी जश्न मना रहे हैं, हर कोई देश भक्ति में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है, राष्ट्र और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व समर्पण भावना से आमजन घर-घर तिरंगा फहराकर, जगह-जगह तिरंगा रैली निकाल रहे हैं, जिससे आज पूरा जिला तिरंगामय हो गया है, समाज का हर वर्ग अभियान में भाग ले रहा है, जिले में आजादी के जश्न में आम नागरिकों का उत्साह देखने लायक है।

       


    शनिवार को हर घर तिरंगा अभियान के प्रथम दिवस 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर बैंड-बाजे के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें स्कूली बच्चों सहित जनप्रतिनिधि, व्यवसायिक एवं सामाजिक संगठन के पदाधिकारी, अधिकारी कर्मचारी, शिक्षकगण, पुलिस विभाग के जवान, बड़ी संख्या में नगरवासी हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर व देशभक्ति से ओतप्रोत होकर रैली में सहभागी बनें। पुरानी कृषि उपज मंडी आगर से कलेक्टर  अवधेश शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सगर द्वारा तिरंगा झंडा लहराकर रैली का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर व एसपी ने तिरंगा झंडा हाथों में लहराते हुए रैली की अगुवाई की। रैली में स्थानीय बैंड के साथ ही स्कूली बैंड पार्टियां देशभक्ति के तराने गाते हुए आगे- आगे चली, जिसके पीछे रैली में शामिल व्यक्ति हाथो में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों पर नाचते-झूमते हुए चले। रैली में विभिन्न स्कूलों के द्वारा महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह पर आधारित बनाई गई झांकियां भी शामिल रही, जो आकर्षण का केन्द्र रही। रैली में शामिल व्यक्ति पूरे नगर में भ्रमण करते हुए भारत माता एवं वंदे मातरम का जयघोष करते हुए  चलें, जिससे पूरा नगर जयघोष से गुंजायमान हुआ। रैली पूरे आगर नगर के गली, चौराहों से गुजरी, कलेक्टर एवं एसपी खुली जिप्सी में सवार होकर अपने हाथों में तिरंगा लहराते हुए रैली  के साथ-साथ चलें, जगह जगह रैली पर नगर वासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जो लोग रैली में शामिल ना हो सके उन्होंने तिरंगा झंडा लहराकर रैली का अभिवादन किया, जिससे आज ऐसा लग रहा है कि हर कोई यह संकल्प ले रहा है कि राष्ट्र एवं राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में रक्त की आखिरी बूंद की भी जरूरत पड़ी तो खुशी-खुशी देकर अपने प्राणों को न्यौछावर कर देगा। 



          रैली नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए छावनी झंडा चौक पहुंची जहां रैली का समापन किया गया। समापन अवसर पर कलेक्टर अवधेश शर्मा ने आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अंतर्गत मनाया जा रहा है आजादी के अमृत महोत्सव को हर्षोल्लास एवं उत्साह से मनाने की अपील जिलेवासियों से की। साथ ही कहा कि 13 से 15 अगस्त तक जिले का हर नागरिक देश की आन-बान और शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा अपने घरों पर फहराये। रैली में  सीईओ जिला पंचायत डी एस रणदा, अपर कलेक्टर रवि कुमार सिंह, एसपी नवल सिंह सिसोदिया, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण एस कुमार, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, शिक्षक शिक्षिकाएं व बड़ी संख्या में स्कूली छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।



जगह जगह निकाली तिरंगा रैली

      

आजादी की 75 वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक आगर मालवा जिले में हर घर तिरंगा अभियान आयोजित हो रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी घरों पर नागरिकों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया है। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में गांव एवं शहरों में जगह-जगह तिरंगा रैली निकाली जा रही है। अभियान के प्रथम दिवस जिले के कई शहरों एवं गांवों में उत्साह पूर्वक एवं धूमधाम से ढोल-बाजे के साथ तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधिगण एवं आमजन तिरंगा झंडा हाथों में लेकर शामिल हुए।

Popular posts from this blog

आगर से भाजपा प्रत्याशी मधु गेहलोत 13002 मतों से व सुसनेर से कांग्रेस प्रत्याशी भैरूसिंह बापू 12645 मतों से जीते

ग्राम झालरा में गिरी आकाशीय बिजली:एक की मौत:एक घायल:नाना बाजार में मंदिर के शिखर का कलश गिरा

विवेकानंद नगर में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी का प्रयास:हलचल की आहट से भाग खड़े हुवे युवक:CCTV में कैद हुवा घटनाक्रम